युवा पीढ़ी को वृक्षारोपण जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ना समय की जरूरत : विलम छाजटा
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ
युवा पीढ़ी को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने के लिए उन्हें वृक्षारोपण जैसे राष्ट्रीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों से जोड़ना बेहद जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण के साथ ऐसे अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम हैं।” यह बात ग्राम पंचायत डाहर के प्रधान विलम सिंह छाजटा ने पंचायत क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान कही।
चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन और नव प्रभात नवयुवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय अभियान में दर्जनों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पंचायत क्षेत्र में देवदार के सैकड़ों पौधे रोपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत डाहर के प्रधान विलम सिंह छाजटा ने की।
विलम सिंह छाजटा ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल स्थानीय नहीं, बल्कि वैश्विक चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवाओं की भागीदारी से लगाए गए प्रत्येक पौधे को आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल विरासत के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, पर्यावरण और सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के संदेश के रूप में उन्होंने कहा कि “एक पौधा लगाना केवल प्रकृति को बचाना नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित करना है।
युवाओं के हाथों में पौधा और मन में समाज के प्रति जिम्मेदारी हो तो यही शक्ति आने वाले समय में बड़े बदलाव की नींव बन सकती है।”चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने कहा कि संगठन खेलकूद गतिविधियों के साथ हर वर्ष वृक्षारोपण अभियान आयोजित करता है और इसमें अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है।
संगठन के संस्थापक राजेंद्र छाजटा ने कहा कि वन पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। पेड़ हमें प्राणवायु देने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।इस अवसर पर पंचायत सदस्य मनोज दारटा, नवयुवक मंडल प्रधान वीरू ठाकुर, सहसचिव श्याम सिंह छाजटा, कोषाध्यक्ष दिनेश जिंटा सहित कई दर्जन युवा मौजूद रहे।
