राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार और SEDI ऊना के बीच कौशल विकास व उद्यमिता को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार और कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान (SEDI) ऊना के बीच कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए समझौता हुआ है। इस पहल से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध होंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में कौशल विकास एवं उद्यमिता विकास संस्थान द्वारा एक महत्वपूर्ण समझौते ज्ञापन पर किए गए हस्ताक्षर
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार महाविद्यालय के युवाओं में कौशल विकास तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय और कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान (SEDI), ऊना (हि.प्र.) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौता ज्ञापन पर राजकीय महाविद्यालय चौकीमनियार की ओर से प्राचार्य डॉ. बलविंदर राणा ने हस्ताक्षर किए, जबकि कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान (SEDI), ऊना (हि.प्र.) की ओर से श्री रमेश ठाकुर एवं श्री प्रवीण सोनी ने संस्थान का प्रतिनिधित्व किया।
उल्लेखनीय है कि कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान का संचालन अंबुजा फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसके लिए वित्तीय सहयोग एसबीआई म्यूचुअल फंड द्वारा प्रदान किया जाता है। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल-आधारित प्रशिक्षण, उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन तथा रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ना है।
समझौते के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय चौकीमनियार के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम, उद्यमिता जागरूकता कार्यशालाएँ तथा कैरियर उन्मुख मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी सुदृढ़ होंगे।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बलविंदर राणा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय चौकीमनियार ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है, अतः यह पहल यहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों को कौशल विकास एवं उद्यमिता से संबंधित संसाधनों और अवसरों तक बेहतर पहुँच प्राप्त होगी।
दोनों संस्थानों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग क्षेत्र के युवाओं को कौशल, नवाचार तथा उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।