रामपुर में 2 बार फटा बादल, सेब के बगीचों को नुक्सान, कई मकान बहे

By Ankita Published: 26 Jul 2023, 11:50 AM | Updated: 26 Jul 2023, 11:53 AM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। मामला शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की सरपारा पंचायत के कंधार गांव का है, यहां देर रात दो बार बादल फट गया। जिस कारण कई मकानों और सेब के बगीचों को खासा नुक्सान पहुंचा है। वहीं भारी बारिश के चलते प्रदेश में सभी लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, पहले देर रात अचानक 11 बजे कंधार गांव में बादल फटने से लोगों में अफरा तफरी मच गई। बाढ़ आने से कई मकान बह गए हैं। मकानों में पानी घुस गया है। इसके अलावा प्राथमिक पाठशाला का भवन, युवक मंडल का भवन, गाय, बैल, भेड़-बकरियां भी बह गईं हैं।

वहीं इसके बाद फिर तीन बजे बादल फटने से आई बाढ़ ने तबाही मचा कर रख दी। बादल फटने से सरपारा गांव का सपंर्क देश-दुनिया से कट गया है। सरपारा पंचायत के प्रधान मोहन कपाटिया ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जाकर स्थिति की जायजा लेने के बाद प्रभावितों को तुरंत राहत दी जाए।