रिजॉर्ट निर्माण के दौरान मलबे की चपेट में आने से प्रवासी मजदूर की हुई मौत
HNN/सोलन
जिला सोलन के कसौली में रिजॉर्ट के निर्माण के दौरान एक हादसा पेश आया है। जहां मलबे की चपेट में आने से एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई है। मृतक की पहचान बबलू सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी पुरनिया, बिहार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश कश्यप निवासी सेक्टर-11 पंचकूला द्वारा कसौली में रिजॉर्ट का निर्माण करवाया जा रहा है।
इस दौरान साइट पर झारखंड व बिहार के करीब 60 मजदूर काम कर रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान लेबर आरसीसी दीवार की शटरिंग का कार्य करने में जुटी हुई थी। इसी दौरान अचानक ही पहाड़ से मलबा गिरा और बबलू सिंह मलबे की चपेट में आ गया।
हालांकि बबलू को एलएनटी मशीन की मदद से कुछ ही देर में बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सुचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। साथ ही ठेकेदार राकेश कश्यप व सुपरवाइजर अनिल गुप्ता के खिलाफ आईपीसी की धारा-336, 304ए व 88 के तहत मामला दर्ज किया है।
एएसपी सोलन योगेश रोल्टा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार राकेश कश्यप द्वारा मजदूरों की सुरक्षा के मकसद से हेलमेट व अन्य उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए थे। इसके अलावा मजदूरों का थाना में पंजीकरण भी नहीं करवाया गया था।