रिहायशी मकान में चल रहा था चूरापोस्त बेचने का धंधा, पुलिस ने दबिश देकर…

CHURA.jpg

HNN / पांवटा साहिब

उपमंडल पांवटा साहिब के तहत आती नवादा पंचायत की बाबा साहिब कॉलोनी में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक रिहायशी घर में छापेमारी कर 2.341 किलोग्राम चूरापोस्त से भरा एक बैग पकड़ा है। पुलिस टीम की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे है।

जानकारी के अनुसार एएसआई भास्कर नंद समेत पुलिस जवान थाना पुरुवाला से बांगरन काहनूवाला शिवपुर की तरफ जा रहे थे। तभी नवादा मस्जिद के पास उन्हें गुप्त सूचना मिली कि बाबा साहिब कॉलोनी, गांव नवादा में अरुण व कृष्ण कुमार पुत्र माम राज अपने रिहायशी मकान में चूरापोस्त बेचने का काम करते हैं। दोनों ने अपने रिहायशी मकान में काफी मात्रा में चूरापोस्त छिपा रखी है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम जैसे ही रिहायशी मकान की ओर जाने लगी, आरोपियों को पुलिस की भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीम जब मकान में पहुंची तो उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान उन्हें एक बड़े से पॉलिथीन बैग से 2.341 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुई। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।