Loading...

लुदरेड गांव में खून से सना विवाद, चाचा की चाकू से ह*त्या कर पुलिस ने पकड़ा भतीजा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 28 Sep 2025 • 1 Min Read

नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान अशोक कुमार निवासी लुदरेड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी भतीजे सुखबिंदर को गिरफ्तार कर लिया है।

नगरोटा बगवां :

सुबह काम पर जाते समय भतीजे ने रोका, कहासुनी के बाद चाकू से वार
स्थानीय लोगों ने बताया कि अशोक कुमार सुबह करीब 8 बजे मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में भतीजे ने उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और आरोपी ने अचानक चाचा पर चाकू से तीन वार कर दिए। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो अशोक कुमार खून से लथपथ थे।

ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर हालत में ग्रामीणों ने अशोक कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर चला गया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

जमीनी विवाद और मुआवजे से उपजा तनाव
मृतक अशोक कुमार हाल ही में सरकारी योजना के तहत बने नए मकान में अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रह रहे थे। परिवार में लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में फोरलेन परियोजना के तहत मिले मुआवजे को लेकर भी तनाव बढ़ा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।