वन विभाग की टीम को वाहन से कुचलने की करी कोशिश, आरोपी फरार
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में वन विभाग कोटखाई की टीम ने एक पिकअप गाड़ी से देवदार के 33 स्लीपर जब्त किए हैं। बता दें कि आरोपी ने वन रक्षकों को गाड़ी के नीचे कुचलने की कोशिश भी की। फ़िलहाल गाड़ी चालक फरार हो गया। विभाग द्वारा आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को लकड़ी कटान की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी कंवर रणजीत सिंह ने चार वन रक्षक वनरक्षक हतिंद्र मोहन, वरिंदर, हरीश और विक्रम को गश्त पर भेजा। जिसके बाद वन रक्षकों की टीम सोमवार रात 9:30 बजे से ही गाजटा बीट के अंतर्गत पट्टीढांक में गश्त पर थी। इस दौरान मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे जब तस्कर देवदार के स्लीपरों को पिकअप एचपी 30-2798 में लोड कर रहे थे।
विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ने की कोशिश की। जिस दौरान वाहन चालक ने वन रक्षकों को कुचलने की कोशिश की और गाड़ी लेकर फरार हो गया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने गाड़ी से उसका पीछा किया और करीब आठ किलोमीटर दूर चलैनर के पास पिकअप को पकड़ा।
लेकिन आरोपी चालक गाड़ी को खड़ा कर वहां फरार हो गया। जिसके बाद वन विभाग ने 33 देवदार के स्लीपर बरामद किए। जिनकी कीमत 6.50 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस थाना कोटखाई के प्रभारी रविंद्र ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गाड़ी और लकड़ी को कब्जे में ले लिया है।