वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की बढ़ी संख्या, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
HNN / कुल्लू
कुल्लू ही नहीं बल्कि अन्य जिलों में भी इन दिनों वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इसमें व्यक्ति को बदन दर्द, जुखाम, खांसी, सिरदर्द जैसी समस्या होती है। जिला में रोजाना अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वायरल फीवर से पीड़ित 60 से 65 फ़ीसदी मरीज उपचार के लिए रोजाना पहुंच रहे हैं।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। ऐसे में विभाग ने फैसला लिया है कि अब बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया जांच की जाएगी। इतना ही नहीं राष्ट्रीय मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम-2022 के तहत मलेरिया संभावित हॉटस्पॉट को भी चिन्हित किया जाएगा।
हालांकि अभी तक जिला में मलेरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया है। लेकिन वायरल फीवर के चलते मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब विभाग किसी भी तरह का कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है।