Loading...

वाल्मीकि जयंती जुलूस के रूट पर एसडीएम नाहन को धमकी, अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज

Shailesh Saini • 53 Mins Ago • 1 Min Read

व्हाट्सएप कॉल कर दी गई गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी, पुलिस तकनीकी जांच में जुटी

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर नाहन में श्री वाल्मीकि जयंती के जुलूस के रूट को लेकर उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) नाहन को धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर जुलूस का रूट बदलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। एसडीएम की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्तूबर की रात करीब 8:37 बजे एसडीएम नाहन के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने 25 अक्तूबर को श्री वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकलने वाले जुलूस का रूट बदलने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।

पथराव की घटना के बाद संवेदनशील बने हालात

गौरतलब है कि 23 अक्तूबर को नाहन में दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव की घटना हुई थी। इस दौरान कई लोग घायल हुए थे, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे। घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए श्री वाल्मीकि जयंती के जुलूस के रूट में बदलाव किया गया था। ऐसे संवेदनशील माहौल में प्रशासनिक अधिकारी को धमकी मिलने से मामला और गंभीर हो गया।

रविवार को जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी भी बढ़ाई गई।

कॉल करने वाले की पहचान में जुटी पुलिस

एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी जांच कर रही है और कॉल डिटेल का विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अधिकारी को धमकाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।