वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ चंबा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग

SACHPAS.jpg

HNN/ चंबा

बर्फबारी के कारण बंद चंबा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग से लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाकर एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। साच पास मार्ग के वाहनों की आवाजाही के लिए खुलने से पांगी के लोगों ने बड़ी राहत महसूस की है।

फिलहाल पांगीवासियों को अब जिला मुख्यालय चंबा पहुंचने के लिए साढ़े पांच सौ किलोमीटर का वाया जम्मू-कश्मीर का लंबा फासला तय नहीं करना पड़ेगा। बताते चलें कि कुछ दिन पहले साच पास में बर्फबारी होने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप होकर रह गई थी।

इस कारण पांगी के लोगों को वाया जम्मू-कश्मीर का लंबा सफर तय करना पड़ रहा था। हालांकि 15 अक्तूबर के बाद साच पास को प्रशासनिक तौर पर भी बंद कर दिया जाता है। इसके बाद साच पास में कभी भी बर्फबारी होने की संभावना बढ़ जाती है। मगर वर्तमान में मौसम काफी अच्छा चल रहा था।

इसके चलते लोक निर्माण विभाग ने साच पास को बहाल करवाने का फैसला लिया है। लोक निर्माण विभाग ने तीन जेसीबी मशीनों को तीन दिन पहले साच पास से बर्फ हटाने के लिए लगाया गया था। इन मशीनों ने रविवार शाम साच पास मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया।