Loading...

विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यहाँ स्थापित होंगे ट्रांसफार्मर- पठानिया

PRIYANKA THAKUR • 28 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / चंबा

विधानसभा क्षेत्र भटियात में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कही। उन्होंने कहा कि भटियात में 67 नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 123 ट्रांसफार्मरों की विद्युत क्षमता को बढ़ाया जाएगा। पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार समग्र शिक्षा की ओर उन्मुख है। शिक्षा की बुनियाद जितनी मजबूत होगी, भविष्य उतना ही सुनहरा होगा।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत हटली को आदर्श ग्राम पंचायत बनाया जाएगा। चूंकी ग्राम पंचायत हटली चंबा का प्रवेश द्वार हैं जहां पर हर मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हटली में पुलिस पोस्ट भी खोली जाएगी। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हटली क्षेत्र की संपर्क सड़कों के सौंदर्यकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बलाना से बल्ली संपर्क मार्ग पर 3 करोड़ 60 लाख की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहीद जगदीश चंद संपर्क मार्ग को भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हटली क्षेत्र में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए नाबार्ड से स्वीकृत उठाऊ पेयजल योजना हटली-गोला पर 4 करोड 50 लाख रुपए की धनराशि व्यय होगी। इससे 3 पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होगें।