विद्युत बोर्ड की तारों पर चोरो ने फिर लगाई सेंध, ट्रांसफार्मर में लगा कंडक्टर…
HNN / सोलन
जिला सोलन में विद्युत तार चोरी होने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब फिर ग्राम पंचायत चम्मों में विद्युत बोर्ड के तार चोरी हो गए हैं। वहीं, ट्रांसफार्मर में लगा कंडक्टर भी तोड़ दिया है। इसके चलते क्षेत्र में लोगों को काफी समस्या झेलनी पड़ रही है। बोर्ड के तार चोरी होने के बार-बार आ रहे मामलों को लेकर विद्युत कर्मचारी भी परेशान हो गए हैं।
इससे पहले भोजनगर, धर्मपुर और जाबली क्षेत्र में भी विद्युत तार चोरी हो चुके हैं। हैरानी की बात तो यह है कि विद्युत तार चोरी करने वाला गिरोह बिजली लाइनों से तार चोरी कर उसे आगे कही बेच रहा है। देर रात भी चोर बायला से बलाउ गांव तक करीब 250 मीटर और चवांजा से करोल गांव तक की लगभग 150 मीटर तार चोरी कर ले गए।
उधर, चम्मों पंचायत के प्रधान गुलशन ने बताया कि बोर्ड को विद्युत लाइन के तार चोरी होने की सूचना दी गई है। सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।