विधानसभा चुनाव के बीच 52.84 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और शराब पकड़ी..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बीच करोड़ों की नकदी सहित सोना-चांदी और शराब पकड़ी गई है। मामले में पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया है। बता दे, हिमाचल प्रदेश में 2017 में जब विधानसभा चुनाव हुए थे तो उस दौरान राज्य भर में 11.917 करोड़ रुपये की नकदी, शराब और सोना जब्त किया गया था। परंतु हैरानी की बात यह है कि 2022 के इस विधानसभा चुनाव में यह बीते विधानसभा चुनाव की अपेक्षा चार गुणा बढ़ गई।
वोटरों को लुभाने के लिए संबंधित पार्टियों द्वारा धनबल का प्रयोग होता है। इस बार प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। आबकारी विभाग ने भी जगह-जगह दबिश देकर शराब कारोबारियों पर कार्यवाही की। इसी का नतीजा है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक पुलिस, आबकारी एवं कराधान सहित अन्य विभागों की कार्यवाही के दौरान 52.84 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और शराब पकड़ी गई है। विभिन्न विभागों की संयुक्त कार्यवाही के दौरान दो करोड़ 84 लाख 49 हजार रुपये की नकदी, सोना और शराब जब्त की गई।
पुलिस विभाग ने नाकाबंदी के दौरान 20 लाख 57 हजार रुपये जबकि, आयकर विभाग ने 48 लाख रुपये की नकदी और 49 लाख 81 हजार रुपये मूल्य का सोना व आभूषण, 11 लाख 14 हजार रुपये की 2313 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब और बीयर पकड़ी। कर एवं आबकारी विभाग की ओर से एक करोड़ 50 लाख 67 हजार रुपये की 61540 लीटर शराब आदि जब्त की गई। वन विभाग ने खनन अधिनियम के तहत 3 लाख 90 हजार रुपये के जुर्माने किए।