विधायक अजय सोलंकी ने दी पहले नवरात्रि पर नाहन और इस पंचायत को बड़ी सौगात….
आजादी के 76 वर्षों के बाद कोटड़ी और गाड्डा को मिलेगी बस योग्य सड़क
HNN/नाहन
आजादी के 76 वर्षों से बस योग्य सड़क से महरूम नाहन शहर के साथ लगती दो पंचायतों को पहले नवरात्रि पर बड़ा तोहफा मिला है। नाहन शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित कोटड़ी और गाड्डा गांव के लिए बनाई जाने वाली 3.187 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए विधायक अजय सोलंकी के द्वारा भूमि पूजन किया गया।

भूमि पूजन से पहले विधायक और उनके साथ आए समर्थकों का स्थानीय लोगों के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बता दें कि इस सड़क के निर्माण को लेकर प्रशासनिक अनुमति 30 मार्च 2023 को मिली थी। बड़ी बात तो यह है कि लोक निर्माण विभाग नाहन मंडल के द्वारा इस सड़क के निर्माण का टेंडर भी करवा दिया गया है।

आज रविवार को विधायक के द्वारा भूमि पूजन के बाद इस सड़क के निर्माण का कार्य भी शुरू हो जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सड़क को बनाए जाने के लिए 1 साल का समय निर्धारित किया गया है।

वहीं यह सड़क नाहन के जुड्डा के जोहड़ से वाया कोटड़ी गांव होते हुए गाड्डा गांव तक जाएगी। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि इस सड़क की चौड़ाई सरकारी बस चलाने योग्य रखी गई है। सड़क के पक्का हो जाने के बाद इन गांव को बस की सुविधा भी मिल जाएगी।

वहीं विधायक अजय सोलंकी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए भी कहा कि सड़क निर्माण के दौरान जिस तरीके से लोगों को सुविधा हो उसके अनुरूप ही निर्माण कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों के द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के समक्ष मांग रखी थी।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि जिस सड़क को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंजूर किया था उस सड़क के निर्माण का भूमि पूजन करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है।

विधायक सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा की पार्टी है जो समाज के हर वर्ग को महत्व देते हुए उसे साथ लेकर चलती है। विधायक अजय सोलंकी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा कि सड़क को पक्का करने के दौरान गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि सड़क के निर्माण के दौरान किसी भी तरह की कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां यह भी बता दें कि इस सड़क के निर्माण को लेकर 2 करोड़ 56 लाख 52 हजार रुपए का बजट स्वीकार हुआ है।

इस सड़क के निर्माण से नाहन और गाड्डा पंचायत के सैकड़ो लोगों को फायदा मिलेगा। गांव निवासी अब्दुल रहमान रणधीर सिंह तूफैल मोहम्मद, गंगवीर सिंह, सीमा देवी, प्रोमिला, वीर बाल आदि का कहना है कि आजादी के बाद यह पहला अवसर होगा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र को पक्की सड़क और गांव तक बस आने का सौभाग्य मिलेगा।

उन्होंने सड़क के निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू सहित विधायक अजय सोलंकी का आभार व्यक्त किया है।

इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिषासी अभियंता वी.के. अग्रवाल, एसडीओ आलोक जुनेजा सहित नाहन पंचायत की प्रधान सुषमा वार्ड मेंबर प्रवीण, पूर्व प्रधान नाहन पंचायत बाबूराम, पार्षद राकेश गर्ग व कई कांग्रेसी नेता साथ में थे।