वुडन फर्नीचर के शोरूम में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान
HNN/ चंबा
जिला चंबा के तहत भटियात विधानसभा क्षेत्र के ककीरा जरेई (टाली मोड़) के पास अग्रवाल संस एंड अग्रवाल इंटरप्राइजेज के वुडन फर्नीचर्स के शोरूम में भीषण अग्निकांड हुआ है।
बता दें शोरूम 22 फुट चौड़ा और 70 फुट लंबा था, जिसमें वुडन फर्नीचर्स, हर प्रकार की इलैक्ट्रॉनिक आइटम, मैटर्स, बैड शीट, रजाई, कंबल, अलमारी, लेडिज और जैंट्स सूट, फैंसी पर्दे, सोफा सैट, डाइनिंग टेबल, गीजर, गोदरेज अलमारी के अलावा प्लास्टिक के कुर्सियां व हर प्रकार की फैंसी आइटम मौजूद थीं, जो राख के ढेर में तबदील हो गईं।
इसके अलावा लैपटॉप और दुकान के सभी जरूरी कागजात भी राख हो गए। आग को बुझाने के लिए बनीखेत और भटियात में अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई लेकिन जब तक अग्निशमन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तब तक पूरी दुकान का सामान जल कर राख हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक, प्रमोद मित्तल के वुडन फर्नीचर्स के शोरूम में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पुरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में पीड़ित को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
वहीं नायब तहसीलदार राहुल धीमान ने भी मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि प्रभावित परिवार को 35 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई है।