वेतन न मिलने पर मजदूरों ने किया विरोध प्रदर्शन

CHMBA.jpg

HNN/चंबा

जिला चंबा में गरोला में परियोजना की डैम साइट पर कार्य बंद कर मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों ने यह विरोध प्रदर्शन समय पर वेतन न मिलने के कारण किया है। कुठेड़ जल विद्युत परियोजना में शोषण करने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने जमकर हल्ला बोला। मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन में कंपनी से लेकर ठेकेदारों के खिलाफ नारेबाजी की गई।

इंटक यूथ के जिला अध्यक्ष राम ठाकुर का कहना है कि परियोजना में मजदूर दिन-रात काम करते हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। साथ ही मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों को समय पर वेतन नहीं दिया जाएगा तो वे परिवार का पालन-पोषण कैसे करेंगे।

कंपनी प्रबंधन अपना काम निकालने पर ध्यान दे रहा है। मजदूरों के शोषण से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी ने ठेकेदारों के जरिए मजदूर काम पर रखे हैं। इन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते मजदूरों ने दो दिन कंपनी का कार्य भी बंद रखा।

इंटक यूथ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि जब मजदूरों के समर्थन में इंटक ने प्रदर्शन किया तो कंपनी की तरफ से मजदूरों की मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद मजदूरों ने दोबारा से काम शुरू किया।

उन्होंने बताया कि कुठेड़ परियोजना में मजदूरों के शोषण को लेकर बार-बार शिकायतें मिल रही हैं। इसलिए उन्होंने श्रम विभाग से भी मांग की है कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।