शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना..
HNN/ बिलासपुर
जिला में निर्वाचन संचालन की प्रक्रियाओं को और अधिक बेहतर रूप से संचालित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के साथ-साथ सभी अधिकारी व कर्मचारी व्यक्तिगत तौर पर भी सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान करें। यह विचार विशेष पर्यवेक्षक आरएन मिश्रा ने बचत भवन में जिला बिलासपुर के चारों विधानसभा के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रबंधन एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला में मत प्रतिशतता बढ़ाने के लिए मतदान शिक्षा एवं मतदाता सहभागिता गतिविधियों में भिन्न विचारों के साथ कार्य किया जा रहा है जोकि अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनावों के सामान्य संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल व अन्य बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
साथ लगते राज्यों के पुलिस व प्रशासन से भी इस संबंध में बैठक कर सहयोग प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुरूप मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्था एवं सुविधाएं उपलब्ध हो ताकि पोलिंग पार्टी के साथ-साथ मतदाताओं को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर पंकज राय ने विशेष पर्यवेक्षक को जिला में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न स्तरों पर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया की सुनिश्चितता के लिए किए गए प्रबंधन एवं व्यवस्था के संबंध में बताया।
निर्वाचन कार्यों से जुड़े कर्मचारियों अधिकारियों और राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों व प्रतिनिधियों के साथ होने वाले प्रशिक्षण के संबंध में भी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध शराब, मादक द्रव्य अथवा धन की आवाजाही को रोकने के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में संपूर्ण जानकारी दी।