Loading...

शहर में मुसीबत बन रहे लावारिस कुत्ते, लोगों को काटकर कर रहे घायल

SAPNA THAKUR • 5 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम है कि आवारा कुत्तों के चलते लोगों का शहर में चलना भी मुश्किल हो चुका है। इन आवारा कुत्तों के चलते न केवल स्थानीय लोगों बल्कि बाहर से आने वाले सैलानियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बड़ी बात यह है कि यह आवारा कुत्ते लोगों को काट कर घायल कर रहे हैं। जुलाई से अक्तूबर महीने तक आवारा कुत्तों ने 439 लोगों को अपना शिकार बनाया है। इस तरह यह आवारा कुत्ते रोज औसतन चार लोगों को काट रहे हैं। इन्हीं चार महीनों के अंतराल में बंदरों और अन्य जानवरों के काटने के 540 मामले दर्ज किए गए हैं।

बता दें कि शहर में जगह-जगह कुत्तों के झुंड दिखाई देते हैं। इतना ही नहीं कुत्तों के साथ-साथ शहर में बंदरों का भी खासा खौफ है। उधर, शिमला के दीनदयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि बीते चार महीनों में कुत्ते, बंदर और अन्य जानवरों के काटने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।