शाहतलाई में अवैध रूप से निजी भवनों में श्रद्धालुओं को ठहराने पर कार्रवाई
HNN/बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग मंडी कार्यालय की टीम ने शाहतलाई में स्थित होटलों व गैस्ट हाऊस का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने शाहतलाई में अवैध रूप से निजी भवनों में श्रद्धालुओं को ठहराए जाने पर कड़ा संज्ञान लेते हुए करीब आधा दर्जन ऐसे भवनों के मालिकों को सख्त हिदायत देते हुए भवनों का पंजीकरण करवाने को कहा, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानून कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक मनोज कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि मंगलवार को होटलों व गैस्ट हाऊसों का निरीक्षण किया, साथ ही कुछ अवैध रूप से निजी भवनों के मालिकों को अपने भवनों का पंजीकरण पर्यटन विभाग से करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग बिना पंजीकरण के श्रद्धालुओं को ठहरा रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
होटल एवं गैस्ट हाऊस एसोसिएशन शाहतलाई के सचिव प्रदीप कतना ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मुख्यतः बाबा बालक नाथ की धार्मिक नगरी शाहतलाई में निजी भवन मालिकों द्वारा श्रद्धालुओं को ठहराए जाने के कारण पंजीकृत होटल व गैस्ट हाऊस मालिकों को हो रहे आर्थिक नुक्सान बारे चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पंजीकृत होटल व गैस्ट हाऊसों के कमरे रहते हैं खाली, फिर भी निजी भवन मालिक श्रद्धालुओं को ठहरा रहे हैं।