शिमला में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आरोपी ने पीड़िता के पिता को….
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला ननखड़ी थाना क्षेत्र के तहत एक युवक ने 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी ने पीड़िता की अश्लील वीडियो उसके पिता को व्हाट्सएप पर भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 376, 506 और 6 पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी चौपाल निवासी रजत से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों व्हाट्सएप व इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे से बात करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि जून 2023 में रजत ने उसे ठियोग बुलाया। जहां आरोपी उसे ठियोग से आगे एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद वह ननखड़ी आया और एक होम स्टे में कमरा लिया वहां भी रजत ने उसकी सहमति के बिना उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि 15 नवंबर, 2023 को रजत उसे अपने घर ले गया और जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। आरोपी नाबालिग का अश्लील वीडियो डिलीट करने के लिए उससे पैसे की डिमांड कर रहा है। युवक ने पीड़िता के पिता को भी वाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है।