शिमला में भारी बारिश से तबाही: 40 पेड़ गिरे, कई सड़के अवरुद्ध

By Ankita Published: 13 Aug 2023, 4:19 PM | Updated: 13 Aug 2023, 4:22 PM 1 min read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। जगह-जगह पेड़ गिरने व भूस्खलन से सड़कें ठप हो गई हैं। शहर मे करीब 40 पेड़ ढह गए हैं। इससे भवनों, गाड़ियों को नुक्सान हुआ है। शिमला-धर्मशाला-मंडी नेशनल हाईवे घणाहट्टी के पास भूस्खलन व ढांडा के पास पेड़ गिरने से बाधित है। जाखू में आरसीसी कंप्यूटर के पास भी भूस्खलन हुआ है।

संजौली में भी पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई। शहर के विकासनगर में दो पेड़ गिर गए हैं। एक पेड़ भवन पर गिर गया है। इससे भवन को नुक्सान हुआ है। राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान 24 जून से 12 अगस्त तक 255 लोगों की मौत हो चुकी है। 290 घायल हुए हैं। अब तक 935 घर ढह गए हैं।

7758 घरों को नुकसान पहुंचा है। 269 दुकानों व 2635 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून में अभी तक 6807.22 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य में भूस्खलन की 87 और अचानक बाढ़ की 54 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Tags: