शिमला से भाजपा का बिगुल, अब हर विधानसभा और मंडल में हर माह होंगे कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन : डॉ. राजीव बिंदल
हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में आयोजित भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिमला का प्रदर्शन केवल शुरुआत है। अब भाजपा प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक मंडल में हर महीने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन आयोजित करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने, बेरोजगार युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी और पुरानी पेंशन सहित कई बड़े वादे किए थे, लेकिन चार वर्ष बीतने के बाद भी अधिकांश वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बंद किए गए तथा आम जनता को सुविधाएं देने के बजाय संस्थानों पर ताले लगा दिए गए।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में शुरू की गई गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं को भी वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया। कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों, दैनिक वेतनभोगियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार को “तालाबंदी की सरकार, माफिया की सरकार, भ्रष्ट सरकार, भाई-भतीजावाद की सरकार, महिला विरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी सरकार” बताते हुए कहा कि भाजपा अब गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली, डीजल, सीमेंट समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि कर प्रदेश की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। विकास को गति देने के बजाय प्रदेश को आर्थिक और प्रशासनिक संकट की ओर धकेला गया है।डॉ. बिंदल ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ, पंचायत, मंडल और विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय होकर जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रदेश की जनता को वर्तमान सरकार से मुक्ति नहीं मिल जाती।धरना-प्रदर्शन के समापन पर भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में लगातार आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।