संचूई पंचायत में सेब के सैकड़ों पौधे जलकर राख
HNN/चंबा
जिला चंबा के उपमंडल मुख्यालय भरमौर में ग्राम पंचायत संचूई के ऊपरी हिस्से में आगजनी की घटना पेश आई है। यहां आग की चपेट में आने से सेब के सैंकड़ों पौधे जलकर राख हो गए हैं। हालांकि अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के मुताबिक, संचूई गांव के उपरी हिस्से ग्रामीणों ने आग की लपटों को देखा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ग्रामीणों के सेब के बगीचे भी आग की चपेट में आ गए। अग्निकांड की सूचना मिलते अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्राम पंचायत संचूई के प्रधान संजीव ठाकुर ने बताया कि आग से आठ ग्रामीणों के सेब के पौधों को नुकसान पहुंचा है। वहीं वन विभाग का कहना है कि आग से वन संपदा को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।