संजौली में इंजनघर में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, एक बुरी तरह झुलसा
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में संजौली के इंजनघर में बीती रात 11:50 बजे भीषण अग्निकांड पेश आया है। अग्निकांड उस समय पेश आया जब मकान में रह रहे लोग सो रहे थे। इस अग्निकांड में जाखू (40) पुत्र नर बहादुर नेपाली बुरी तरह से झुलस गया। अग्निकांड की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत माल रोड़ तथा छोटा शिमला से फायर टेंडर को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की। कड़ी मशक्क्त के बाद रात करीब 1:00 बजे तक आग पर काबू पाया गया। आग की लपटों को देख लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मकान में 15 कमरे थे, जिसमें किराएदार रहते थे। उनके घर का सामान जलकर राख हो गया है।
आधी रात लगी इस आग में लोग अपना सामान भी बाहर नहीं निकाल पाए जिससे कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं इस अग्निकांड में एक 40 वर्षीय व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। जिसे घायलावस्था में तुरंत ही आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
फ़िलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। वहीं आग से हुए नुकसान का संबंधित विभाग द्वारा आकलन करने के उपरांत बताया जा सकता है। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है।