संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 32 वर्षीय युवक का शव
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर के घुमारवीं बाजार में संदिग्ध परिस्थितियों में 32 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय कुलविंदर धीमान गांव बाड़ी मझेड़वां, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह घुमारवीं बाजार में गांधी चौक के पास बनी दुकानों के पीछे कुछ लोगों ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को पड़ा देखा। लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो वह मृत पाया गया। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, युवक नशे का आदि था, जिसके खिलाफ घुमारवीं थाना में कई मामले दर्ज हैं। युवक की मौत की सूचना जब उसके परिजनों को दी गई तो मृतक का भाई मौके पर पहुंचा। मृतक के भाई ने बताया कि कुलविंदर डेढ़ साले से घर नहीं आ रहा था।
उसने कुलविंदर की मौत पर कोई शक नहीं जताया है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।