संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 26 वर्षीय युवक का शव
HNN/सोलन
जिला सोलन में नालागढ़ के तिरला-महुआ के पास एक 26 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सुरेश गांव खेरवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने मानपुर पुलिस थाना में युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुरेश की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को शनिवार को तिरला-महुआ के पास सड़क किनारे एक शव मिला। जिसके बाद उन्होंने युवक के परिजनों को फोन किया कि तिरला महुआ गांव के पास सडक़ किनारे एक शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। युवक के पिता ने बताया कि बेटा शुक्रवार से लापता था। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है