संदिग्ध परिस्थितियों में मिला लापता युवक का शव
HNN/चंबा
जिला चंबा में उपमंडल तीसा की ग्राम पंचायत झज्जाकोठी में लापता युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान भूपेंद्र कुमार वासी गांव रडोला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र कुमार अपने घर से काम के सिलसिले में दूसरे गांव गया हुआ था। इसी दौरान वह लापता हो गया।
जिसके बाद परिजनों ने भूपेंद्र कुमार की तलाश करी। लेकिन जब काफी समय तक उसका कोई पता नहीं लगा तो उन्होंने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई। इसी बीच लुईडा जंगल में गहरी ढांक में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
जिसके बाद उन्होंने लापता भूपेंद्र कुमार के परिजनों को इस बाबत सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। डीएसपी हेडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही अमल में लाई है।