सड़क किनारे से चोरी हुई स्कूटी, मामला दर्ज
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं में सड़क किनारे से एक स्कूटी के चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना घुमारवीं ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान विनोद कुमार निवासी गांव दबयानी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, विनोद कुमार ने रात करीब 9 बजे स्कूटी को घर से थोड़ी दूर सड़क किनारे खड़ा किया था। अगले दिन जब वह वहां गया तो स्कूटी गायब थी। जिसके बाद उसने दो तीन दिन तक स्कूटी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद उसने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज कराई।
विनोद ने बताया कि उसका फोन और स्कूटी के दस्तावेज भी स्कूटी में ही रह गए थे। सुबह जब स्कूटी नहीं मिली तो फोन पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद आ रहा था। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाश की जा रही है।