Loading...

सड़क क्रॉस कर रही बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत

Ankita 25 May 2024 Edited 25 May 1 min read

HNN/ बद्दी

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे है। मामला जिला सोलन के पुलिस थाना बद्दी के तहत ट्रक यूनियन के पास का है, यहां सड़क क्रॉस कर रही बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया।

हादसे में बच्ची की मौत हो गई है। मृतक बच्ची की पहचान आरती पुत्री ईश्वर निवासी बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक रविंद्र सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी नूरपुर जिला कांगड़ा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची सड़क क्रॉस कर रही थी। इस दौरान ट्रक यूनियन के पास एक ट्रक तेज रफ्तार से आया और सड़क क्रॉस कर रही बच्ची आरती को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में बच्ची बुरी तरह जख्मी हुई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची को बद्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की पुष्टि डीएसपी बद्दी खजाना राम ने की है।