सड़क से लुढ़क कर खाई में गिरी कार, चालक की मौत
HNN/सोलन
जिला सोलन के शामती बाईपास से एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान पंकज पुत्र मनसा राम निवासी लक्ष्मी निवास शक्ति नगर, जौणाजी रोड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 8:30 बजे कार (HP 07E-8819) शामती बाईपास की ओर से शमलेच बाईपास की ओर जा रही थी। जिस दौरान चालक कार से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क गई और खाई में जा गिरी।
घटना के बारे में पता लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कार चालक को बेहोशी की हालत में देखा। जिसके बाद स्थानीय लोग उसे सड़क तक लाए और एम्बुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ले गए। जहां पर चिकत्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि एसपी गौरव सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही कहा कि शव का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।