सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, पत्नी की मौत, पति जख्मी
HNN/ सोलन
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे है। मामला जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला थाना के तहत पेश आया है, यहां एक ऑल्टो कार सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में पत्नी की मौत हो गई है जबकि पति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल की पहचान तारा चंद निवासी दशोरा माजरा, जबकि मृतक की पहचान कमला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तारा चंद अपनी पत्नी कमला के साथ ऑल्टो गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह अम्बका नाला के नजदीक पहुंचा तो कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों को घायल अवस्था में उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल काठा पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने कमला को मृत घोषित कर दिया जबकि ताराचंद का उपचार चल रहा है। घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की पुष्टि एसएचओ बरोटीवाला श्यामलाल ने की है।