सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 4 जख्मी

By Ankita Published: 11 Oct 2023, 11:04 AM | Updated: 11 Oct 2023, 11:04 AM 1 min read

HNN/ मंडी

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला जिला मंडी के सिराज क्षेत्र की उप तहसील छतरी के बरियोगी का है, यहां एक कार सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 4 लोग घायल हुए हैं।

मृतक की पहचान आशुतोष पुत्र टेक सिंह निवासी टिपरा के रूप में की गई है। जो पंचायत तकनीकी सहायक बताया जा रहा है। घायलों की पहचान चालक गोविंद राम निवासी आनी, दलीप सिंह पुत्र तुले राम निवासी खिह धार और पपु पुत्र तुले राम निवासी धधौन के रूप में हुई है। चौथे घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार कार (HP 35 – 7406) में सवार सभी लोग चपलांदी देवता के मेले से वापिस घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाटा नेक्सा बरियोगी के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक और घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया।

जहां से 108 के माध्यम से इन्हें जंजैहली अस्पताल उपचार के लिए भेज दिया गया। नायब तहसीलदार छतरी कांशी राम ने घटना की पुष्टि की है।