HNN/सोलन
जिला सोलन में कालका-शिमला एनएच पर सनवारा टोल प्लाजा में एक पर्यटक ने वीआईपी लेन में जाने से रोकने पर दो गोलियां चला दीं। हालांकि इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन गोली चलने के बाद टोल प्लाजा में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पर्यटक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पर्यटक चंडीगढ़ का निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पर्यटक की गाड़ी परवाणू से सोलन की तरफ आ रही थी। इसी दौरान जब गाड़ी टोल प्लाजा सनवारा पहुंची तो यह गाड़ी सामान्य लेन से न आकर वीआईपी लेन से प्रवेश करने लगी। तभी जब टोल कर्मचारियों ने गाड़ी को वहां से आने के लिए रोका तो पर्यटक व टोल कर्मचारी के बीच बहस शुरू हो गई।
इसी दौरान पर्यटक ने अपनी पिस्तौल से हवा में दो गोलियां चला दीं। हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सहित डीएसपी परवाणू प्रवण चौहान भी मौके पर पहुंचे और पर्यटक को गिरफ्तार किया। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

