Loading...

सलानी पंचायत के 3 हजार से अधिक लोग भारी बरसात में चार दिनों से प्यासे

Ankita 9 Jul 2024 Edited 9 Jul 1 min read

विभाग लिफ्ट स्कीम के पानी में आई बदबू, मौके पर पहुंचा प्रदूषण और आईपीएच विभाग

HNN/ नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सलानी मोलिया पंचायत के अंतर्गत साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों पर पीने के पानी का संकट गहरा गया है। जल शक्ति विभाग की लिफ्ट पेयजल स्कीम से मिल रहे दूषित पानी के चलते करीब चार-पांच दिनों से गांव के लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। पंचायत की प्रधान अनीता देवी ने बताया कि नदी के उस स्थान पर जहां से जल शक्ति विभाग का ट्यूबवेल लगा हुआ है उसके बगल में दो बड़ी फैक्ट्रियां भी लगी हुई हैं।

अनीता देवी ने अंदेशा व्यक्त करते हुए कहा कि इन दो फैक्ट्रियों में किसी एक से किसी तरह का केमिकल रिसाव पेयजल योजना तक पहुंचा हो सकता है। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों ने पानी में आ रही बदबू के चलते स्कीम का पानी पीना बंद कर दिया है। ग्राम प्रधान अनीता देवी ने बताया कि इस समस्या के बाबत जल शक्ति विभाग को सूचित कर दिया गया है।

वहीं जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अरशद अली ने बताया कि गांव वासियों की समस्या की बाबत बीते कल सोमवार को जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि समस्या और शिकायत की जानकारी मिलते ही पेयजल स्कीम से तुरंत पानी के सैंपल उठाए गए थे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पानी की जांच में कोई बैक्टीरिया नहीं पाया गया है बल्कि पानी में बदबू जरूर आ रही है।

अधिशासी अभियंता अरशद ने बताया कि इस बाबत प्रदूषण नियंत्रण विभाग को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि गांव वासियों की पानी की समस्या को लेकर जल्द उचित समाधान कर दिया जाएगा। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जिला सिरमौर रीजनल ऑफिसर अतुल परमार ने बताया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने अधिकारी को फॉरेन सैंपल उठाने के लिए रवाना कर दिया है।

उन्होंने बताया कि पानी की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि यह किसी उद्योग से प्रभावित पेयजल है या फिर कोई और कारण है। बता दें कि यह पेयजल स्कीम करीब 250 फीट गहरी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पानी का ग्राउंड लेवल बहुत नीचे जा चुका था जिसके चलते बेहतर रिचार्ज ना मिलने की सूरत में पेयजल स्कीम प्रभावित होना संभव बताया गया है।

समस्या को लेकर मंगलवार को ग्राम प्रधान अनीता की अगुवाई में गांव वासियों का प्रतिनिधिमंडल उपयुक्त जिला सिरमौर सुमित खिमटा से भी मिला। वहीं जिला सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने पेयजल संकट को लेकर विभाग और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 3000 से भी अधिक लोग पिछले चार दिनों से प्यासे हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग को लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी। विनय गुप्ता ने स्थानीय विधायक पर भी क्षेत्र व क्षेत्र की जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान जल्द ना हुआ तो धरना प्रदर्शन भी शुरू किया जा सकता है।