Loading...

साहब हमें पीने का पानी उपलब्ध करवा दो ,10 दिनों से घर पर बूंद नहीं टपकी

Ankita 9 Jul 2024 Edited 9 Jul 1 min read

देवनी पंचायत के कौंथरो गांव में विकराल हुई पेयजल की समस्या, लोग गंदा पानी पीने को मजबूर

HNN/ नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवनी पंचायत के कौंथरों गांव में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। पिछले 10 दिनों से गांव के लोगों को शुद्ध साफ जल पीने को नहीं मिल पा रहा है। पेयजल की समस्या को लेकर समस्या ग्रस्त चौधरी जगशेर सिंह, नितेश, रामकुमार सहित दर्जनों लोग मंगलवार को जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मिले।

समस्या से अवगत कराते हुए चौधरी जंगशेर सिंह ने बताया कि जिस वॉटर स्कीम से गांव को पानी दिया जाता है उसे मारकंडे नदी का पानी बरसात के पानी के कारण गंदा हो गया है। चौधरी ने बताया कि पंप ऑपरेटर अनियमित समय पर पानी खोलता है। उन्होंने कहा कि जो पानी उन्हें स्कीम से मिल रहा है वह पूरी तरह से गंदला हो चुका है जिस कारण लोग गंदा पानी पीने के लिए इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।

गांव के ही नितेश व रामकुमार ने बताया कि इस समस्या की बाबत उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से भी बात की है मगर नतीजा कुछ नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि जो सप्लाई उन्हें दी भी जाती है वह तीन या चार दिन के बाद ही आती है। समस्या से पीड़ित लोगों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें कई किलोमीटर दूर हैंडपंप से पीने का पानी लाना पड़ता है।

गांव वासियों ने बताया कि विभाग के कर्मचारी उनकी समस्या को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। गांव वासियों का कहना है कि स्कीम से मिलने वाला पानी जो की काफी गंदा है वह भी उन्हें समय पर उपलब्ध नहीं होता है। गांव के लोगों ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।