सिरमौर की राजेश्वरी शर्मा व नसीमा बेगम बनी हिमाचल महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य
हिमाचल की 5 महिलाओं को बोर्ड में किया गया मनोनीत
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर की दो कांग्रेस नेत्रियों को महिला कल्याण बोर्ड में सदस्य मनोनीत किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के महिला कल्याण बोर्ड में पांच गैर सरकारी सदस्यों को मनोनीत किया है। जिसमें जिला सिरमौर के पांवटा साहिब की नसीमा बेगम व पच्छाद की राजेश्वरी शर्मा भी शामिल हैं।
इसके अलावा सोलन की सत्या ठाकुर व किरण मेहता के अलावा कांगड़ा की रीता गुलेरिया भी शामिल हैं। पच्छाद की राजेश्वरी शर्मा भी प्रदेश कांग्रेस की तेजतर्रार नेत्रियों में शुमार हैं। मौजूदा में बागपशोग पंचायत की प्रधान हैं। सिरमौर जिला परिषद की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव के पद पर भी तैनात हैं।
हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर जल शक्ति अभियान के तहत बाग पशोग पंचायत में बेहतरीन कार्य करवाने के लिए राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार भी राजेश्वरी शर्मा को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री द्वारा दिया गया था। राजेश्वरी शर्मा ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगी।
उधर पांवटा साहिब की नसीमा बेगम को संगठन में बेहतर कार्य के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। निहालगढ़ की रहने वाली नसीमा पार्टी में जिला सचिव व 8 साल तक प्रदेश कार्यकारिणी में भी सेवाएं प्रदान कर चुकी है। मनोनयन पर नसीमा ने कहा कि निष्ठा से जिम्मेदारी का वहन करेंगी।