सिरमौर जिला में अभी भी कई सड़के बंद, नाहन मंडल में 19 पेयजल योजनाएं ठप
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर में हुई भारी बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सिरमौर जिला में बीते कल तक 33 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। जिसके चलते वाहन चालकों की काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालाँकि जगह-जगह पर मार्ग बहाल करने के लिए जेसीबी मशीनें लगी हुई है परन्तु बार-बार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मार्ग बंद हो रहे है।
कुछ सड़के तो इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिन्हें ठीक होने से काफी दिनों का समय लग सकता है। बता दें बीते कल नाहन मंडल में 12, शिलाई में 11, पांवटा साहिब में 7 और संगड़ाह मंडल में 3 सड़के बंद रही। वहीं, जलशक्ति विभाग की नाहन मंडल में 19 पेयजल योजनाएं भी ठप है।
उधर, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चार नेशनल हाईवे और 468 सड़को पर वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी हुई है। शिमला जिले से सबसे ज्यादा 220 और कुल्लू में 115 सड़कें बंद हैं। वहीं, राज्य में 552 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं। इसके अलावा 224 जलापूर्ति योजनाएं भी बाधित हैं।