Himachalnow / नाहन
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बड़ा फैसला
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिला सिरमौर में एक मॉडल सौर गांव चयनित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए 27 राजस्व गांवों की छंटनी की गई है। यह जानकारी सहायक आयुक्त सिरमौर विवेक शर्मा ने इस योजना के कार्यान्वयन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
बैठक में योजना के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदायों को अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भर बनाना, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना तथा सौर ऊर्जा से संचालित उद्योगों को विकसित कर आर्थिक प्रगति को गति देना है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
चयनित गांव को मिलेगी आर्थिक सहायता
इस योजना के तहत जिला स्तरीय समिति द्वारा मूल्यांकन के बाद चयनित मॉडल सौर गांव को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वहां सौर ऊर्जा से संबंधित परियोजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सकेगा।
सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता
बैठक के दौरान वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, हिम ऊर्जा, ओम प्रकाश ने योजना की तकनीकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट सौर संयंत्र प्रतिदिन 4 से 5 यूनिट बिजली उत्पन्न कर सकता है, जबकि 3 किलोवाट संयंत्र से रोजाना 15 यूनिट बिजली उत्पन्न होगी। इस हिसाब से एक महीने में 450 यूनिट बिजली बनाई जा सकती है।
नेट मीटरिंग से अतिरिक्त आय का लाभ
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग के बाद बची हुई बिजली को नेट मीटरिंग प्रणाली के माध्यम से ग्रीड में वापस भेजा जा सकेगा, जिससे सौर संयंत्र लगाने वालों को अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।
बैठक में विभिन्न अधिकारियों की भागीदारी
इस बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत, राहुल राणा सहित संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group