Loading...

सिरमौर पुलिस ने NDPS एक्ट मामले में 35.73 लाख की संपत्ति जब्त की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Sep 2025 • 1 Min Read

पुरूवाला थाना मामले में बड़ी सफलता, NDPS एक्ट के तहत जब्त हुई अवैध कमाई

हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत सिरमौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुरूवाला थाना में पंजीकृत NDPS एक्ट मामले में पुलिस ने 35,73,171.87 रुपये की अवैध नशीली दवा से हुई कमाई को जब्त कर लिया है। सक्षम प्राधिकारी ने इस जब्ती की पुष्टि कर दी है।

नाहन

गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
15 मई 2025 को सिरमौर SIU पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुरेन्द्र सिंह निवासी गांव माशु, तहसील कमरऊ नशीले पदार्थ बेचता है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 55 शीशियां नशीले सिरप और 16,700 रुपये नकद उसके कब्जे से बरामद किए। मामले में अभियोग संख्या 85/25 पुरूवाला थाना में पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आर्थिक जांच में उजागर हुआ नेटवर्क
अन्वेषण के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह कमल कुमार और उसकी पत्नी प्रभा देवी के साथ नशे के धंधे में शामिल है। डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर की अगुवाई में वित्तीय जांच टीम ने गहन जांच कर 35.73 लाख रुपये की अवैध कमाई की पहचान कर जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।

जिले में अब तक 3 करोड़ से ज्यादा संपत्ति सीज
सिरमौर पुलिस ने बताया कि इस मामले सहित अब तक पांच अलग-अलग मामलों में कुल ₹3,08,25,377.11 की नकदी/अवैध संपत्ति को सीज या फ्रीज किया जा चुका है।

पुलिस का कड़ा संदेश
सिरमौर पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों और उनके वित्तीय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है। पुलिस ने चेतावनी दी कि जिले में अवैध संपत्ति से लाभ उठाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

जनता से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं की किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस के साथ साझा कर इस अभियान में सहयोग करें।