सिरमौर में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, AI सहित कई कोर्स होंगे शुरू
सिरमौर जिले में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत योग्य उम्मीदवारों से स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से पहले आवेदन कर सकते हैं।
सिरमौर/नाहन
31 मार्च तक जमा होंगे आवेदन, अप्रैल से शुरू होगा कोर्स
जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय नाहन या संबंधित तहसील कल्याण कार्यालय में 31 मार्च 2026 से पहले जमा करवाने होंगे। आवेदन फॉर्म NIELIT शिमला की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है और कोर्स अप्रैल 2026 से शुरू किया जाएगा।
AI सहित विभिन्न कोर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी के लिए 3 महीने तक प्रतिदिन 2 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन अनिवार्य है। वहीं ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग और पब्लिशिंग असिस्टेंट कोर्स के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिसमें प्रतिदिन 4 घंटे की ट्रेनिंग दी जाएगी।
योग्यता और आरक्षण से जुड़ी अहम शर्तें
ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी और कुल सीटों में 30 प्रतिशत आरक्षण महिला अभ्यर्थियों के लिए रखा गया है।
ट्रेनिंग के दौरान मिलेगा स्टाइपेंड
कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को 2,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा, जिसके लिए न्यूनतम 85 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय नाहन के दूरभाष नंबर 01702-222374 पर संपर्क कर सकते हैं।