सिरमौर में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, पांवटा और माजरा में दो मामले दर्ज
सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में स्मैक बरामद की है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि दूसरे को नोटिस पर पाबंद किया गया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब-माजरा
पांवटा साहिब में 6.66 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
जिला सिरमौर की विशेष अन्वेषण टीम को सूचना मिली थी कि शाहरूख निवासी भगवानपुर क्षेत्र में चिट्टा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केदारपुर क्षेत्र में दबिश दी, जहां निर्माणाधीन दुकान के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके कैरी बैग से 6.66 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह नशा कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था।
माजरा में बाइक से 3 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी नोटिस पर पाबंद
एक अन्य मामले में माजरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि जतीन कश्यप नामक युवक मोटरसाइकिल में स्मैक लेकर जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लिंक रोड पर वाहन को रोका और तलाशी ली।
टूल बॉक्स से 3 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जांच में शामिल होने के लिए नोटिस पर पाबंद किया गया है।
नशा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशा कहां से लाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त सभी आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
