सिरमौर में भारी बारिश से नुक्सान का आंकड़ा 277 करोड़ के पार- सुमित खिमटा
HNN/ नाहन
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि सिरमौर जिला में लगातार हो रही भारी बरसात के कारण सार्वजनिक और निजी संपत्तियों के नुक्सान का आंकड़ा 277.82 करोड़ से ऊपर पहुंच गया है। उन्होंने पिछले कई दिनों से जिला में लगातार बारिश होने के कारण जिला में नुक्सान बढ़ता ही जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में 24 जून से 24 जुलाई 2023 के बीच हुई भारी वर्षा से 277.82 करोड़ रुपए से अधिक के नुक्सान का आकलन किया गया है। सबसे अधिक नुक्सान सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति ढांचे के साथ कृषि क्षेत्र का हुआ है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में लोक निर्माण विभाग के स्टेट रोड्स का नुकसान 117.83 करोड़ आंका गया है जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग की सड़कों का नुक्सान 3.94 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। सुमित खिमटा ने कहा कि जिला में पेयजल योजनाओं के ढांचे को भी लगातार भारी नुकसान पहुंचा है। जिला में 102 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान पेयजल योजनाओं का आंका गया है।
जिला में बिजली आपूर्ति के ढांचे को भी बहुत नुक्सान हुआ हैं, जिसमें 9.05 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान बिजली क्षेत्र में आंका गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिला में कृषि विभाग को 29.33 करोड़ से अधिक, उद्यान विभाग को 1.36 करोड़ रुपए, पशुपालन विभाग को 47.70 लाख रुपए, स्वास्थ्य विभाग को 37.52 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है।
जिला में 7.72 करोड़ रुपए सामुदायिक संपत्तियों का नुकसान हुआ है। इसी प्रकार जिला में शिक्षा विभाग को करीब 3.16 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है। जिला में सात लोगों के पक्का मकान क्षतिग्रस्त होने से 21.50 लाख रुपए का नुक्सान होने का अनुमान है।
इसी प्रकार 16 लोगों के कच्चे मकान गिरने की सूचना हैं जिन्हें 8.29 लाख रुपए के नुक्सान की रिपोर्ट है। जिला में 69 लोगों के मकानों को आंशिक नुक्सान की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसका नुक्सान 1.33 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जिला में 3 दुकानों को नुक्सान होने की सूचना मिली है जिन्हें 17.50 लाख रुपए का नुक्सान होने की सूचना है।
जिला में 89 गऊशालाओं को करीब 14.89 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है तथा पशुधन का नुकसान 3.61 लाख रुपए का आंका गया है। सुमित खिमटा ने कहा कि भारी बरसात के कारण जिला में 10 लोगों की मृत्यु तथा 14 लोगों के घायल होने की रिपोर्ट अभी तक प्राप्त हुई है।
जिला में अभी तक 1.63 लाख रुपए की धनराशि अंतरिम राहत के रूप में प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और सम्बन्धित विभाग जिला में भारी बारिश के कारण लगातार हो रहे नुक्सान पर नजर बनाये हुए हैं। बारिश के कारण बंद पड़ी सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास किये जा रहे हैं।