सिरमौर में 23 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत बद्रीपुर क्षेत्र में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि युवक काफी समय से नशे का आदी था। मृतक की पहचान 23 वर्षीय गुरमीत सिंह पुत्र श्याम नारायण निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गुरमीत काफी समय से अपने परिवार के साथ पांवटा साहिब के वार्ड नंबर-2 बद्रीपुर में किराए के कमरे में रह रहा था। शनिवार दोपहर वह युवक कमरे में अकेला था और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने कमरे में आकर देखा कि उनका बेटा फंदे से लटका हुआ है तो यह देखकर उनके होश उड़ गए।
इसके बाद तुरंत फंदे से उतार कर उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।