सुक्खू का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- गुजरात के दो नेता ही चला रहे सरकार, बाकी किसी को भी….

Sukhwinder-Singh-Sukhu.jpg

HNN/ शिमला

कांग्रेस प्रचार कमेटी के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा को तानाशाही वाली पार्टी करार दिया है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इसे गुजरात के दो नेता ही चला रहे हैं। भाजपा में अन्य किसी नेता को बोलने की इजाजत नहीं है। जो बोलता है उसे मार्गदर्शक मंडल का सदस्य बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से हिमाचल आने वाले नेताओं के जुमलों से हिमाचल की जनता गुमराह होने वाली नहीं है और हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में आने वाली है।

सुक्खू ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी गुजरात के दो नेताओं के हाथ की कठपुतली हैं। वह अपने आप कोई निर्णय ले ही नहीं सकते हैं। इसी तरह हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार भी रिमोट कंट्रोल से दिल्ली से चलती रही है। इसी का परिणाम है कि हिमाचल के विकास कराने में जयराम कोई निर्णय नहीं ले सके। अब प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है। सुखविंद सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान है।

भाजपा की केंद्र सरकार ने दाल, चावल, दूध, दही पर जीएसटी लगा दिया है। इससे महंगाई आसमान छूने लगी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कोई भी मंत्री महंगाई पर बात नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में महंगाई और बेरोजगारी दर सबसे अधिक है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार युवाओ को रोजगार देने में नाकाम रही है।