Loading...

सूखे की चपेट में सेब के बगीचे, बागवानों की बढ़ी चिंता

PRIYANKA THAKUR • 19 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश में 1 माह बीत जाने के बाद भी बारिश नहीं हुई है जिसके चलते सेब के बगीचे सूखे की चपेट में आ गए हैं। सेब के बगीचों से नमी गायब हो गई है, ऐसे में फल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। तो वही बागवानों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। उधर, मौसम विभाग केंद्र ने 25 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहने का अनुमान जताया है।

यदि प्रदेश में इस माह में बारिश और बर्फबारी नहीं होती है तो सेब बागवानों को काफी नुक्सान उठाना पड़ सकता है। गौरतलब है कि दिसंबर माह में बगीचों में फास्फोरस और पोटाश खाद डाली जाती है, लेकिन इसके लिए जमीन में नमी होना जरूरी है। इन खादों से पौधों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जड़ें मजबूत होती हैं।

सेब की अच्छी फसल के लिए दिसंबर में तापमान 15 डिग्री से कम होना चाहिए, जबकि इन दिनों तापमान 20 डिग्री के करीब चल रहा है। सर्दी के मौसम में पेड़ों से पत्ते झड़ना जरूरी है, तापमान अधिक होने से पत्ते नहीं झड़ पा रहे हैं।