लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

स्ट्रोक जैसे गंभीर रोग के कारण और निवारण का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक- डॉ. शांडिल

PARUL | 30 अक्तूबर 2023 at 2:59 pm

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

एम.एस. पंवार संचार एवं प्रबंधन संस्थान, सोलन में इस विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला

HNN/सोलन

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि स्ट्रोक (पक्षाघात) जैसे गंभीर रोग के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है ताकि सभी इस रोग के कारण और निवारण के विषय में जागरूक बन सकें। डॉ. शांडिल एम.एस. पंवार संचार एवं प्रबंधन संस्थान, सोलन में इस विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

इस राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज़ तथा एम.एस. पंवार संचार एवं प्रबंधन संस्थान, सोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। डॉ. शांडिल ने कहा कि चिकित्सा जगत के अनुसार स्ट्रोक जैसे रोग में समय अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक की स्थिति में रोगी को तुरन्त अस्पताल पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि रोगी को 3 घंटे के स्वर्णिम समय के भीतर इस रोग के उपचार के लिए उपलब्ध इंजेक्शन लगा दिया जाए तो रोगी को स्वस्थ किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह इंजेक्शन प्रदेश के सभी ज़िला स्तरीय अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक जैसे रोग में रोगी को समय पर अस्पताल पंहुचाना और तुरन्त उपचार उपलब्ध करवाना जीवनदायक सिद्ध होता है। स्वास्थ्य मन्त्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि विभिन्न स्तरों पर मेलों इत्यादि के आयोजन में लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों, उपचार एवं समय के मूल्य के विषय में जागरूक बनाएं।

उन्होंने कहा कि सावधानी में ही बचाव है और ऐसे विषयों में जन जागरूकता में मीडिया का रोल अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पक्षाघात वैश्विक स्तर पर दिव्यांगता का एक प्रमुख कारण है। आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत मामलों में इससे बचा जा सकता है। इससे संबंधित कुछ जोखिम कारकों को कम करके इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने ऐसी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित ध्यान एवं योग का आग्रह किया।

डॉ. शांडिल ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सम्बद्ध विभागों से आग्रह किया कि वह स्ट्रोक से बचाव के प्रचार-प्रसार के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करें और लोगों में अपना संदेश पहुंचाने के लिए रेडियो, टेलीविजन सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाएं। अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज़ के मास मीडिया प्रमुख डॉ. मैथ्यू मार्टिन ने इस एक दिवसीय कार्यशाला की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

साई संजीवनी अस्पताल के प्रमुख डॉ. संजय अग्रवाल ने सरल शब्दों में स्ट्रोक के कारण, निवारण और इस रोग के प्रबन्धन में त्वरित कार्यवाही की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मोबाईल एप ‘एचपी टेली स्ट्रोक’ की जानकारी भी प्रदान की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि चेहरे में बदलाव, बोलने में परेशानी, हाथ-पैर में सुन्नपन अथवा कमज़ोरी, सिर दर्द जैसे लक्षण होने पर अविलम्ब अपने समीप के अस्पताल जाएं ताकि समय पर उपचार आरम्भ हो सके।

उन्होंने कहा कि रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियों के नियमित परीक्षण से स्ट्रोक सहित अन्य गम्भीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला में गैर संक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग के लिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने इन टीमों को सहयोग देने का आग्रह किया। एम.एस. पंवार संचार एवं प्रबन्धन संस्थान, सोलन के प्रमुख डॉ. बी.एस. पंवर ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे गम्भीर विषयों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रो.टी.डी. वर्मा ने धन्यावाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]