स्वारघाट में चलती गाड़ी में भड़की आग, बुरी तरह झुलसा चालक
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में स्वारघाट की ग्राम पंचायत स्वाहण के तहत आने वाले मेहला में एक चलती गाड़ी में आग लग गई। घटना में चालक भी बुरी तरह से झुलस गया है, जिसका कोठीपुरा स्थित एम्स अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। कार चालक की पहचान श्याम लाल पुत्र अमरनाथ निवासी मेहला के रूप में हुई है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम लाल अपनी कार को लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ही चलती गाड़ी से कुछ जलने की महक आई। उसने अपनी कार को सड़क किनारे खड़ा करके जैसे ही गाड़ी का बोनट खोला तभी कार में धमाके के साथ आग लग गई। आगजनी की इस घटना में कार चालक का चेहरा व शरीर बुरी तरह से झुलस गया।
जिसके बाद उसे उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। श्याम लाल ने बताया कि हुंडई कंपनी की इस गाड़ी को उसने 8 मई को ही रोपड़ के शो रूम से निकलवाया था। फिलहाल नई कार में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।