Loading...

हमीरपुर में लखदाता कमेटी ने अवैध ढांचे से अपना बोर्ड हटाया

NEHA • 3 Oct 2024 • 1 Min Read

HNN/हमीरपुर

हमीरपुर जिला मुख्यालय के पास दड़ूही पंचायत के मटाहणी में लखदाता कमेटी द्वारा बनाए गए कथित अवैध ढांचे से कमेटी ने अपना बोर्ड हटा लिया है। इसके बजाय, वहां पर वर्षाशालिका का सूचनापट्ट लगा दिया गया है। यह कदम प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य को लेकर जवाब तलब करने के बाद उठाया गया है।

इस मामले में वन विभाग ने प्रशासन और राजस्व विभाग के साथ पत्राचार किया था। लखदाता पीर कमेटी ने अपना बोर्ड हटाने के साथ ही लिखित में जवाब भी दिया है। कमेटी ने कहा है कि निर्मित ढांचे के सरकारी तौर पर संचालन पर उसे कोई आपत्ति नहीं है।

एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह ने बताया कि पंचायत और कमेटी से जवाब मांगा गया है। कमेटी ने लोगों के सहयोग से वर्षों पूर्व यह निर्माण किया था। दड़ूही पंचायत प्रधान उषा बिरला ने कहा कि पंचायत ने यहां पर निर्माण कार्य में कोई सरकारी पैसा खर्च नहीं किया गया है।