Loading...

हरियाणा से मनाली जा रही कार कीरतपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत चार घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 May 2025 • 1 Min Read

किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत चार घायल

स्वारघाट

टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने मारी पीछे से टक्कर, सभी यात्री हरियाणा के निवासी

हिमाचल और पंजाब की सीमा पर स्थित कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा से कुल्लू-मनाली जा रही एक कार को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल चार लोगों को चंडीगढ़ किया गया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद फरार हुआ टक्कर मारने वाला वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद जिस वाहन से टक्कर हुई थी, वह मौके से फरार हो गया और अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।

पर्यटन के लिए निकले थे कुल्लू-मनाली
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार सवार सभी लोग हरियाणा के रहने वाले थे और छुट्टियां बिताने के लिए कुल्लू-मनाली की ओर जा रहे थे। लेकिन टोल प्लाजा के पास ही उन्हें यह भयानक हादसा झेलना पड़ा।

Related Topics: