हिमाचल में दर्दनाक हादसा: कार के खाई में गिरने से महिला समेत 4 लोगों की मौत
HNN/ चंबा
जिला चंबा में ढकोग-तरेला-बन्नी मार्ग पर तरेला के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की जान चली गई है। मृतकों की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र मनस राम गांव तरेला, ओम प्रकाश पुत्र किरपा राम निवासी गांव थल्ला और घुघर पुत्र जोहरी राम निवासी गांव थल्ला डाकघर औराफाटी तहसील भरमौर और पवना देवी पत्नी मदन लाल निवासी सुलो के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचा दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जाँच भी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, चारों लोग ढकोग से तरेला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ढकोग से करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा बुरी तरह जख्मी हुई महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू की। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है।